दीपावली से पहले गैस उपभोक्ताओं को झटका, 95 हजार से ज्यादा कनेक्शन की बुकिंग बंद

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में दीपावली से पहले उत्तराखंड में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिले में ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं कराने वाले 95,104 उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन और बुकिंग प्रभावित हैं। गैस बुकिंग रद्द होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, ई-केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं।

दरअसल, 30 सितंबर के बाद ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं और उनकी बुकिंग स्वीकार नहीं की जा रही है। एक अक्टूबर से ई-केवाईसी पूरी कराने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन बहाल किए जा रहे हैं और उनकी गैस बुकिंग भी शुरू हो रही है।

आंकड़ों के मुताबिक, जिले में कुल 1,00,104 उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी नहीं कराई थी। इनमें से पांच हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने प्रक्रिया पूरी करा ली, जिसके बाद तेल कंपनियों ने उनके कनेक्शन और बुकिंग बहाल कर दी। इसके बावजूद अब भी 95,104 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई है। ऐसे में इन उपभोक्ताओं के सामने रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर परेशानी बनी हुई है।

आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में विभिन्न तेल कंपनियों की 70 गैस एजेंसियां संचालित हैं। उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी के कार्यालय में जाकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ई-केवाईसी पूरी होने तक संबंधित उपभोक्ताओं के कनेक्शन और बुकिंग प्रक्रिया बहाल नहीं हो सकेगी।

जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि वास्तविक और पात्र लाभार्थियों की पहचान करने तथा डुप्लीकेट गैस कनेक्शनों पर रोक लगाने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य की गई है। इसका उद्देश्य गैस सब्सिडी का लाभ सही उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की, ताकि गैस कनेक्शन और बुकिंग से जुड़ी परेशानियों से बचा जा सके।