उत्तराखंड में जश्न बना दहशत, लाइसेंसी पिस्टल से फायर, मचा हड़कंप

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के नेहरूग्राम में मेहंदी समारोह के दौरान एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक महिला के पैर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली है और उसके लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। गढ़वाली कॉलोनी, नेहरूग्राम निवासी कमल कुमार यादव ने तहरीर देकर बताया कि उनके घर शादी से पहले मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था। समारोह में शामिल परिचित लक्ष्मण सिंह नेगी समेत कई लोग नाच रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मण नेगी ने कमर में लाइसेंसी पिस्टल लगा रखी थी।

नाचते समय अचानक पिस्टल से गोली चल गई, जो कमल कुमार यादव की साली नीलिमा के पैर में जा लगी। उन्हें तुरंत कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण नेगी को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि मामले में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही पिस्टल के लाइसेंस को निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

समारोह में गोली चलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां छोटे बच्चे भी मौजूद थे। गनीमत रही कि पिस्टल की नाल नीचे की ओर थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

प्राथमिक जांच में पुलिस को यह मामला लापरवाही में चली गोली का लग रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिस्टल पहले से लोड थी और नाचते समय झटके से ट्रिगर दब गया, जिससे फायर हो गया।