कुमाऊं में भूकंप के झटकों से हिली धरती, दहशत का माहौल

20
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार सुबह भूकंप के दो हल्के झटकों ने लोगों को कुछ समय के लिए डरा दिया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

जानकारी के अनुसार, पहला झटका सुबह 10:32:33 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.1 मापी गई। इसके बाद लगभग 14 मिनट के भीतर दूसरा झटका 10:46:59 बजे आया, जिसकी तीव्रता 2.6 रही। दोनों ही भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है।

झटकों के बाद कुछ देर के लिए स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार सभी तहसीलों से प्राप्त रिपोर्ट में कहीं भी किसी प्रकार के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।