CCTV में कैद हुई बेखौफ चोरी! हल्द्वानी में ताले तोड़ हजारों की नकदी ले उड़े चोर

12
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दो दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। लालडांट बाईपास रोड स्थित दुकानों के ताले तोड़कर अज्ञात बदमाश करीब 50 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश है।

बताया जा रहा है कि देर रात चोरों ने सुनसान का फायदा उठाते हुए दुकानों के शटर और ताले तोड़े। इसके बाद अंदर रखे गल्लों से नकदी निकालकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब दुकान मालिक अपने प्रतिष्ठानों पर पहुंचे तो चोरी की जानकारी मिली। दुकानों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना की पूरी तस्वीर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

चोरी की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कारोबारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।