हथियारों का जखीरा, फर्जी दस्तावेज और गिरफ्तारी—STF की बड़ी कामयाबी

12
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। STF ने रुद्रपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल और उसके चालक अमित पाल के रूप में हुई है। STF के अनुसार, बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में ट्रांसफर किए गए शस्त्र लाइसेंसों की जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं, जिसके बाद 4 जून को काशीपुर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान 10 जून की रात STF और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने काशीपुर क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए थे। इस मामले में सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल के नाम सामने आए थे। मुख्य आरोपी सौरभ अग्रवाल तब से फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

इसी क्रम में 11 जून की देर रात STF को सूचना मिली कि रुद्रपुर क्षेत्र में दो व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने रुद्रपुर रोडवेज के पास से सौरभ अग्रवाल और अमित पाल को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक 12 बोर पंप एक्शन बंदूक, एक 30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक 32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ कारतूस और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद हुए।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि 10 जून को बरामद स्विफ्ट कार को अमित पाल ने साक्ष्य छिपाने के लिए काशीपुर की एक पार्किंग में खड़ा किया था। पुलिस ने उक्त वाहन की चाबी भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर ली है।

एसएसपी STF ने बताया कि राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ अभियान के तहत अब तक तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और सात आरोपियों को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों और फर्जी लाइसेंस से जुड़े मामलों में कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।