शूटिंग जगत से दुखद खबर, पूर्व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा का निधन

10
खबर शेयर करें -

भारतीय खेल जगत से दुखद खबर सामने आई है। पूर्व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और भारतीय शूटिंग टीम के हाई परफॉर्मेंस कोच जसपाल राणा का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्होंने नई दिल्ली स्थित मैक्स साकेत अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से खेल जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।

जसपाल राणा भारतीय शूटिंग के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने करियर में कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर विशेष पहचान बनाई। खिलाड़ी के रूप में शानदार सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली और भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जानकारी के अनुसार, राणा हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय टीम के साथ हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में मौजूद थे। भारत लौटने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

उत्तराखंड में जन्मे जसपाल राणा ने कम उम्र में ही निशानेबाजी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उनके पिता नारायण सिंह राणा ने शुरुआती दिनों में उन्हें प्रशिक्षण दिया। बाद में उन्होंने देहरादून में एक शैक्षणिक एवं खेल प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना भी की, जहां युवाओं को खेल और शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जाता है।

कोच के रूप में भी जसपाल राणा का योगदान बेहद अहम रहा। उन्होंने कई उभरते हुए निशानेबाजों को तराशा, जिनमें ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर, सौरभ चौधरी, अनीश भानवाला और चिंकी यादव जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। उनके मार्गदर्शन में भारतीय शूटिंग टीम ने कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

जसपाल राणा के निधन पर विभिन्न राजनीतिक और खेल हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है। उनका जाना भारतीय खेल जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।