उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित एचपीएम इन्फोटेक कंपनी में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में हड़कंप फैल गया।
जानकारी के अनुसार, कंपनी में पंखों के पार्ट्स का निर्माण किया जाता है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरा परिसर घने धुएं और आग की लपटों से घिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
सिडकुल और मायापुर फायर यूनिट की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। तेज गर्मी और आग की तीव्रता के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि फैक्ट्री परिसर में मौजूद फायर हाइड्रेंट सिस्टम ने राहत कार्य में अहम भूमिका निभाई, जिससे पानी की आपूर्ति समय पर मिलती रही।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर नियंत्रण पा लिया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जाएगी। घटना में फैक्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
हरिद्वार के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) वंश बहादुर यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तीन गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना सामने आई है, लेकिन पूरे मामले की जांच जारी है।



Subscribe Our Channel










