करोड़ों की स्टांप चोरी पर शासन का कड़ा प्रहार, उप निबंधक निलंबित

11
खबर शेयर करें -

देहरादून: ऋषिकेश सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में व्यापक अनियमितताओं और करोड़ों की स्टांप चोरी के मामले में शासन ने कड़ा एक्शन लिया है। शासन ने उप निबंधक हरीश कुमार को निलंबित करते हुए मुख्यालय से अटैच कर दिया है।

पिछले महीने आम जनता की शिकायतों के बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय, ऋषिकेश का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितियां उजागर हुईं, जिनमें स्टांप चोरी, फर्जी कार्मिक तैनाती, और सब-रजिस्ट्रार की अनुपस्थिति में लिपिक द्वारा अनाधिकृत पंजीकरण कार्यवाही शामिल थी।

निगरानी के दौरान यह भी पाया गया कि कार्यालय में वर्षों से मूल अभिलेख लंबित पड़े थे, संपत्ति मूल्यांकन का ज्ञान नहीं था और औद्योगिक क्षेत्रों में छोटे भूखंडों के अनेक रजिस्ट्रेशन भी अनियमित तरीके से किए गए थे। कई फरियादियों ने बताया कि मूल अभिलेख लौटाने और रजिस्ट्री की नकल उपलब्ध कराने में उन्हें महीनों या वर्षों तक परेशान होना पड़ रहा था।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान एसडीएम ऋषिकेश और जिला शासकीय अधिवक्ता, देहरादून की उपस्थिति में जांच की गई। जांच में पाया गया कि उप निबंधक की अनुपस्थिति में लिपिक ने संदर्भित कार्यालय में पंजीकरण कार्यवाही संपादित की।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की रिपोर्ट और अनुशासनात्मक संस्तुति पर शासन ने उप निबंधक को निलंबित किया है और अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू कर दी है। प्रशासन इस कार्रवाई को राजस्व हितों से खिलवाड़, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत देख रहा है।