युवाओं के मुद्दों पर होगी सीधी बात, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हल्द्वानी विधायक

8
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। आगामी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हल्द्वानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को होटल सौरभ में विधायक सुमित हृदयेश की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और छात्र-युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में आयोजन की रूपरेखा तैयार करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने, विद्यार्थियों के आने-जाने की व्यवस्था और कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार को लेकर विचार-विमर्श किया गया। विधायक सुमित हृदयेश ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक छात्रों को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।

विधायक ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ विद्यार्थियों और युवाओं की बात सुनने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि छात्र शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखना चाहते हैं और इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के विचारों और समस्याओं को समझना है। यह आयोजन गैर-राजनीतिक रहेगा, जिसमें युवाओं के भविष्य और उनकी अपेक्षाओं से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा। उन्होंने 30 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटने की बात कही। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने के लिए इस तरह के संवाद कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं।

इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधु सांगुड़ी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, एनबी गुणवंत, मोहन सिंह बिष्ट, हेम पांडे, जाकिर हुसैन, जगमोहन बगड़वाल, गोविंद बगड़वाल, सुहैल अहमद सिद्दीकी, पुष्पा सम्मल, कमला सनवाल, राजो टंडन, विमला सांगुड़ी, भागीरथी बिष्ट, भगवती बिष्ट, मलय बिष्ट, पार्षद पंकज त्रिपाठी, हेमंत साहू, मुकुल बल्यूटिया, मो. गुफरान, नितिन भट्ट, मनु गोस्वामी और लक्ष्मीकांत समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।