उत्तराखंड में शुष्क मौसम के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री तक का इजाफा हुआ है। मैदान से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। 27 और 28 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि मौसम शुष्क ही रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार, मार्च के अंतिम दिनों में चटक धूप के कारण तापमान में वृद्धि होगी, जिससे गर्मी बढ़ने के आसार हैं। खासकर दिन के समय गर्मी से लोग परेशान हो सकते हैं। बढ़ती गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है, और लोग दिन के समय बाहर निकलने में कतराने लगे हैं। जरूरी कामों से बाहर निकलने वाले लोग ही सड़कों पर नजर आ रहे हैं।
सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 30.3 और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 30.0 और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस था। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 20.2 और न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, नई टिहरी का अधिकतम तापमान 20.1 और न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस था।
वहीं, केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर गौरीकुंड केदारनाथ पैदल मार्ग पर रामबाड़ा से लिनचोली तक बड़े हिमखंडों को काटकर रास्ता तैयार किया जा रहा है। यहां मजदूरों के लिए हिमखंड एक बड़ी चुनौती बने हुए हैं। 2 मई से शुरू होने वाली केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए भक्त इस बार बर्फ से ढकी संकरी घाटी से होकर धाम तक पहुंचेंगे।