उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक पुलिसकर्मी पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने के बाद मामला गरमा गया है। आरोप है कि शिकायत किए जाने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने लक्कीबाग चौकी के बाहर प्रदर्शन करते हुए धरना शुरू कर दिया।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शहर कोतवाली में तैनात एक पुलिसकर्मी पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लक्कीबाग चौकी पहुंचे और चौकी के बाहर धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सहारनपुर रोड पर भी जाम लगा दिया। इसके चलते रेलवे स्टेशन से आईएसबीटी की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हुआ। रेलवे स्टेशन से लक्कीबाग चौकी होते हुए प्रिंस चौक तक वाहनों की कतार लग गई।
प्रदर्शन के कारण इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था बाधित रही। मौके पर पुलिस अधिकारी स्थिति को संभालने और प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने में जुटे हैं। मामले को लेकर कार्यकर्ता आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।



Subscribe Our Channel









