प्रेम-प्रसंग का खौफनाक अंत, भरोसा तोड़ा तो पहुंचा सलाखों के पीछे

14
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ जिले के बलुवाकोट क्षेत्र से धोखाधड़ी और शादी का झांसा देकर यौन शोषण का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महिला का अपने ही रिश्तेदार युवक के साथ वर्ष 2024 में प्रेम संबंध शुरू हुआ था। दोनों के बीच नजदीकियां धीरे-धीरे बढ़ीं। युवक रिश्ते में महिला का दूर का जीजा बताया जा रहा है। इसी दौरान युवक ने महिला को शादी का भरोसा दिलाया।

आरोप है कि युवक ने महिला से कहा कि यदि वह अपने पति से कानूनी रूप से अलग हो जाती है, तो वह उससे विवाह करेगा। इस आश्वासन पर महिला ने अपने वैवाहिक जीवन को समाप्त करने का निर्णय लिया। फरवरी 2025 में दोनों के बीच इस संबंध में एक शपथपत्र भी तैयार किया गया था। इसके बाद महिला ने जुलाई 2025 में कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी।

इसी बीच, युवक द्वारा किसी अन्य युवती से विवाह कर लेने की जानकारी सामने आई। जब यह बात महिला को पता चली तो वह सदमे में आ गई और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।