उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा जिला के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। डोटियाल से सराईखेत जा रही पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में दो लोग वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिन्हें हल्की चोटें आईं, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए देवायल सल्ट भेजा।
गंभीर रूप से घायल पांच लोगों में वाहन चालक साकम सिंह (35, सराईखेत), राजेंद्र सिंह (36, केलाखेड़ा, उधम सिंह नगर), सुभाष (19, नेपाल), चंद्रसेन सैनी (41, बिजनौर) और विजेंद्र सिंह (36, बिजनौर) शामिल हैं। सभी की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय में रेफर किया गया।
पिकअप के अनियंत्रित होने के पीछे सड़क की खराब हालत को बड़ी वजह बताया जा रहा है। दुर्घटना डोटियाल से लगभग एक किलोमीटर आगे हुई, जहां सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। हादसे के बाद स्थानीय लोग सड़क की मरम्मत और सुरक्षा इंतजामों में सुधार की मांग कर रहे हैं।
यह घटना सल्ट क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों की श्रृंखला में शामिल है। 4 नवंबर 2024 को मरचूला के कूपी गांव के पास एक यात्री बस खाई में गिरने से 36 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को सल्ट–भिकियासैंण क्षेत्र में एक और बस हादसा हुआ था, जिसमें 7 यात्रियों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए।



Subscribe Our Channel











