उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के मौसम को लेकर ताज़ा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा और सभी 13 जिलों में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।
हालांकि शुक्रवार, 27 फरवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के सीमांत जिलों उत्तरकाशी और चमोली में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं कुमाऊं मंडल के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में भी हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। राज्य के शेष 10 जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
फरवरी महीने का समापन भी बदले हुए मौसम के साथ होगा। शनिवार, 28 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार मार्च की शुरुआत सामान्य रहेगी। 1 और 2 मार्च को राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश-बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। अगले 2 से 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। आने वाले 3 से 4 दिनों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।



Subscribe Our Channel











