उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा, 20 मीटर नीचे गिरी कार, चालक की मौत

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बुधवार तड़के करीब 3 बजे रानीखेत तहसील के अंतर्गत ग्राम देहोली (चौबटिया) में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 15 से 20 मीटर नीचे गिर गई और सीधे एक मकान की छत पर जा टकराई। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK02-TA-3159 (वैगनआर) देहोली क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। कार तेजी से नीचे की ओर गिरते हुए स्थानीय निवासी लाल सिंह के घर की छत पर जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मकान की छत को भी भारी नुकसान पहुंचा।

हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान भुवन प्रसाद (32 वर्ष), पुत्र गोपाल राम, निवासी ग्राम मटेला, काफलीगैर, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वाहन में अकेले सवार थे और दुर्घटना के समय उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत चिकित्सालय भेज दिया गया। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है, जिसके बाद वे रानीखेत के लिए रवाना हो गए हैं।