दीपावली पर महारैली को लेकर धामी का हमला, विपक्ष पर लगाया अराजकता फैलाने का आरोप

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंडिया ब्लॉक की महारैली को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन दलों का इतिहास लोकतंत्र को कमजोर करने का रहा है, वे आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं। धामी ने कांग्रेस के शासनकाल में लगाए गए आपातकाल और समय-समय पर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किए जाने का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने देश में आपातकाल थोपकर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया, वे आज सत्ता से बाहर होने के बाद जनता का भरोसा खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने लंबे समय तक उनके कार्यकाल और कथित कारनामों को देखा है। विपक्ष की मौजूदा गतिविधियां उसकी हताशा और निराशा को दर्शाती हैं।

धामी ने दीपावली के दौरान महारैली आयोजित करने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग ने राहुल गांधी, कांग्रेस और उनके गठबंधन के नेताओं से त्योहार के बाद प्रदर्शन करने का अनुरोध किया था, ताकि कारोबार प्रभावित न हो और आम लोगों को परेशानी न उठानी पड़े। इसके बावजूद प्रदर्शन का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने और नेपाल, बांग्लादेश, फ्रांस व यूरोप के कुछ देशों जैसी परिस्थितियां पैदा करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया।

मुख्यमंत्री ने अपने बयान में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें अटल जी के वे शब्द याद आते हैं, जिनमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस सत्ता में रहती है तो देश के लोगों के लिए खतरनाक हो जाती है और सत्ता से बाहर होने पर भी देश के लिए खतरा बन जाती है।