हल्द्वानी में कार सर्विस सेंटर में भीषण आग, डेढ़ लाख की नकदी समेत फर्नीचर राख

7
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर के कालाढूंगी रोड स्थित ऊंचा पुल के पास रविवार दोपहर एक कार सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते स्पेयर पार्ट्स स्टोर से फैलकर पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर तक पहुंच गईं। अग्निकांड में सोफा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं, बिलिंग काउंटर में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब एक बजे सर्विस सेंटर में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग ने सेंटर के अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल किरार ने बताया कि आग बुझाने के लिए दो वाटर टेंडर के साथ दमकल कर्मियों को भेजा गया है। टीम लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है।

सर्विस सेंटर संचालक विजय कुमार के अनुसार आग से काफी नुकसान हुआ है। बिलिंग काउंटर में रखी करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी भी जल गई। फिलहाल दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हैं। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद किया जाएगा।