उत्तराखंड में आधी रात का आतंक! घर में लगाई आग, सामान जलकर राख

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के तोलब–मयकोटी क्षेत्र में बीती शनिवार रात अज्ञात अराजक तत्वों ने एक घर में घुसकर आग लगा दी, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना ने इलाके में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, मकान स्वामी आशीष कुमोला अपने गांव से लगभग 3 किलोमीटर दूर सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि घर के भीतर रखा फर्नीचर, घरेलू सामान, राशन और सोने–चांदी के आभूषण पूरी तरह जलकर राख हो गए।

स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक घर को भारी नुकसान पहुंच चुका था।

घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। मकान स्वामी और ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ताला तोड़कर घर में घुसकर आग लगाना बेहद गंभीर मामला है और इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस को सूचना मिलते ही मामला दर्ज किया गया है और फिलहाल जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़कर कानून के तहत सजा दी जाए।