उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली कोतवाली में तैनात आरक्षी संजय कुमार ड्यूटी के दौरान हुए गंभीर हादसे में घायल हो गए और उपचार के दौरान उनका आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई।
सोमवार को हल्द्वानी क्षेत्र के मेडिकल चौकी प्रांगण में दिवंगत आरक्षी के पार्थिव शरीर पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने दिवंगत के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग हर संभव मदद प्रदान करेगा। दिवंगत आरक्षी को नियमानुसार शोक सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) देकर अंतिम विदाई दी गई।
श्रद्धांजलि सभा में एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी अमित सैनी और रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता और दिनेश सिंह फर्त्याल, थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्रा सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
आरक्षी संजय कुमार ने लगभग 24 वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा की। उनका जन्म 25 जुलाई 1980 को हुआ था और वे 10 अक्टूबर 2001 को पुलिस में भर्ती हुए थे। उन्होंने नैनीताल (2001–2009), पिथौरागढ़ (2009–2018) और पुनः नैनीताल (2018–2026) में सेवा दी।



Subscribe Our Channel











