होली से पहले पुलिस का बड़ा ड्राइव, शराब और हुड़दंग पर सख्त कार्रवाई

63
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार में सिडकुल थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों और फरार गैंगस्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान होटल और ढाबों से 30 लोगों को पकड़ा गया और उनके खिलाफ चालान कार्रवाई की गई। साथ ही, पुलिस ने फरार गैंगस्टर एक्ट के आरोपी संजु पुत्र सुलेखचंद को गिरफ्तार किया, जिस पर नशा तस्करी और आर्म्स एक्ट के छह मुकदमे दर्ज हैं और जिस पर पुलिस ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था।

पुलिस के अनुसार, हरिद्वार के नवनीत सिंह भुल्लर ने सार्वजनिक स्थानों और होटल-ढाबों में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्रियों से छुट्टी के समय राह चलने वाली महिलाओं के साथ अशिष्ट हरकतों की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।

सड़क किनारे और होटल-ढाबों पर शराब पीते हुड़दंगी लोगों में पुलिस की उपस्थिति देखकर हड़कंप मच गया। कुल 30 लोगों को थाने लाकर 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया और 7,500 रुपए का संयोजन शुल्क वसूला गया। सभी को भविष्य के लिए चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पी जाए। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सिडकुल पुलिस ने इस दौरान फरार गैंगस्टर एक्ट के आरोपी संजु को चीतल डेरी के सामने से गिरफ्तार किया। आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करने के लिए ठिकाने बदल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कई थानों में नशा तस्करी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं, और गैंगस्टर एक्ट के तहत उसकी गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।