उत्तराखंड के लोक भवन परिसर में गुरुवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास किया। इस दौरान परिसर में चार नए भवनों के निर्माण की आधारशिला रखी गई, जिनमें विभिन्न प्रशासनिक और जनसुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
इन भवनों में प्रथम भवन में समेकित डिस्पेंसरी बनाई जाएगी, जिसमें आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा कक्ष शामिल होंगे। दूसरे भवन में सूचना परिसर और कैफेटेरिया का निर्माण प्रस्तावित है, जबकि तीसरे भवन में लोक निर्माण विभाग (PWD) का कार्यालय और चौथे भवन में उद्यान विभाग का कार्यालय स्थापित किया जाएगा।
सभी भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप किया जाएगा, ताकि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी संरक्षित और प्रोत्साहित किया जा सके।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि इन भवनों के बनने से विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि आम जनता को भी तेज और बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि एक ही परिसर में कई विभागों और सुविधाओं के होने से प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा और नागरिकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पारंपरिक वास्तुकला को अपनाने से स्थानीय कारीगरों और संसाधनों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक कर्मचारी भी मौजूद रहे।



Subscribe Our Channel










