हल्द्वानी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ः स्पा सेंटर के कमरों में मिले युवक-युवतियां

10
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र में एक स्पा सेंटर पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कथित देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर की मैनेजर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों के संचालन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। जांच के दौरान अलग-अलग कमरों में युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले।

मौके पर मौजूद महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि उन्हें रोजगार और अधिक आय का झांसा देकर इस कार्य में शामिल किया गया था। महिलाओं ने स्पा सेंटर के संचालक, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों पर दबाव बनाकर देह व्यापार कराने के आरोप लगाए हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री, नकदी और ग्राहकों के रिकॉर्ड से जुड़े रजिस्टर बरामद किए। सभी सामान को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया गया है।

कार्रवाई के दौरान छह महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जिनमें कुछ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, नेपाल और अन्य क्षेत्रों की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस ने सभी महिलाओं की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है और फरार संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें प्रयासरत हैं।