हल्द्वानी। राजपुरा स्थित गौशाला की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई। विधायक सुमित हृदयेश, वार्ड 12 की पार्षद प्रीति आर्या और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गौशाला का निरीक्षण कर वहां गौवंश के रखरखाव, साफ-सफाई, जल निकासी और चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं दयनीय मिलने पर नेताओं ने नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाए।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि गौशाला केवल एक भवन नहीं, बल्कि संस्कृति, आस्था और संवेदनशीलता का प्रतीक है। गौवंश की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से गौशाला में तत्काल साफ-सफाई, बेहतर जल निकासी, समय पर चिकित्सा सुविधा और गौवंश की समुचित देखभाल के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
पार्षद प्रीति आर्या ने गौवंश को पर्याप्त मात्रा में चारा नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गौशाला में गायों की स्थिति बेहद चिंताजनक है और भूख से तड़पते गौवंश की स्थिति देखकर जिम्मेदारों को तत्काल व्यवस्था सुधारनी चाहिए।
कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट और पार्षद प्रतिनिधि हेमंत साहू ने कहा कि गौसेवा केवल नारे लगाने से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने से होती है। उन्होंने कहा कि गौवंश की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि नगर निगम गौशाला में उचित व्यवस्था नहीं कर सकता तो उसे अपनी कार्यप्रणाली पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया तो कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। निरीक्षण के दौरान राजन टंडन, त्रिलोक बनौली, सुमित कुमार, संजय शेखर, अमित रावत, सचिन गुप्ता, सूरज प्रकाश समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



Subscribe Our Channel











