उत्तराखंड में एक बार फिर भीषण हादसा हुआ है। रामनगर में चिल्किया के पास नेशनल हाईवे-309 पर देर रात तेज रफ्तार कार ने पीछे से सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो कई बार पलट गया, जिससे 50 वर्षीय रुखसाना की मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय चांदनी का पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। हादसे में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, खताड़ी निवासी रुखसाना परिवार के साथ ऑटो संख्या UK18TA-1804 से पीरूमदारा में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। ऑटो में बच्चों समेत करीब 12 लोग सवार थे। चिल्किया स्थित राइस मिल के पास पीछे से आई स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK19TA-1298 ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रुखसाना को मृत घोषित कर दिया गया। चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल के अनुसार, पांच घायलों को अस्पताल लाया गया था। इनमें दो की हालत गंभीर है। एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि चांदनी के पैर को बचाने के लिए नसें जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अन्य घायलों को भी फ्रैक्चर हुए हैं। कुछ घायलों का दूसरे अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है और फरार कार चालक की भूमिका समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा है।




Subscribe Our Channel











