उत्तराखंड के हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में पुलिस ने एक होटल में चल रहे कथित देह व्यापार का खुलासा किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल में दबिश देकर एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया। वहीं, मौके से दो पीड़ित महिलाओं को सकुशल बरामद कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सिडकुल क्षेत्र के एक होटल में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने मौके से एक महिला और दो पुरुषों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही होटल में मौजूद दो महिलाओं को बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि इन महिलाओं से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था।
एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला ने बताया कि बरामद महिलाओं की सुरक्षा और उनके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिलाओं को इस धंधे में किसने और किन परिस्थितियों में शामिल किया था। होटल में अवैध गतिविधियां कब से चल रही थीं और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।




Subscribe Our Channel











