उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बसंत विहार इलाके में कथित धर्मांतरण से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई एक संगठन की शिकायत के आधार पर की गई है।
जानकारी के मुताबिक, कांवली गांव में दो महिलाओं पर आरोप है कि वे घर-घर जाकर स्थानीय महिलाओं से संपर्क कर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रही थीं और इसके लिए कथित तौर पर प्रलोभन भी दे रही थीं। गुरुवार रात इस संबंध में सूचना मिलने पर कुछ लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
बताया जा रहा है कि जब स्थानीय लोगों को इस गतिविधि की जानकारी मिली तो उन्होंने महिलाओं से बातचीत की कोशिश की, लेकिन वे वहां से जाने लगीं। इसके बाद लोगों ने उनका पीछा किया और पुलिस के पहुंचने पर उन्हें पकड़कर सौंप दिया।
इस मामले में संगठन के अध्यक्ष कुलदीप स्वादिया की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि दोनों महिलाएं क्षेत्र में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रभावित कर रही थीं और इसके बदले लाभों की जानकारी दे रही थीं।
थाना बसंत विहार प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, शिकायत के आधार पर दोनों महिलाओं के खिलाफ उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। साथ ही अन्य प्रासंगिक धाराएं भी लगाई गई हैं। मामले की जांच उप निरीक्षक विनय प्रसाद भट्ट को सौंपी गई है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।



Subscribe Our Channel











