तेज अंधड़ का कहर! बारिश से बच रहे लोगों पर अचानक गिरा पेड़, एक की मौत

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में बिगड़े मौसम के बीच कोटद्वार में दर्दनाक हादसा हो गया। भाबर के जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के समीप खड़े दो लोग अचानक विशाल पेड़ की चपेट में आ गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तेज अंधड़ के बीच अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में आने से हल्दूखाता निवासी विक्रम उर्फ खटमल (55) पुत्र छज्जू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, किशनपुर निवासी दलीप (45) पुत्र शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के पास खड़े थे। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही एसआई राजा राम डोभाल और एसएसआई शशि भूषण जोशी के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस टीम और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल दलीप को बाहर निकाला और उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।