उत्तराखंड में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हुआ है। रायवाला थाना क्षेत्र में देर रात ट्रक और लोडर वाहन के बीच हुई टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि लोडर में सवार दो अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसा खांड गांव पुलिया के पास हुआ, जहां ओवरटेक करने के दौरान लोडर अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया और सड़क पर पलट गया। सूचना मिलने पर रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खांड गांव पुलिया के पास ओवरटेक करते समय लोडर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। ट्रक से टकराने के बाद लोडर सड़क पर पलट गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन का निरीक्षण किया तो उसमें तीन लोग सवार मिले। हादसे में लोडर चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों की स्थिति का जायजा लिया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय देव सैनी निवासी किशनगढ़, अमरोहा के रूप में हुई है। देव अपने परिवार का बड़ा बेटा था और घर की आजीविका चलाने की जिम्मेदारी उसी पर थी। परिजनों के मुताबिक, उसकी शादी महज आठ महीने पहले हुई थी। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है। घर के कमाऊ सदस्य को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।




Subscribe Our Channel











