सात दिन से तलाश, फिर खाई में मिला पुलिसकर्मी का शव

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में एक दुखद घटना सामने आई है। चमोली जिले में सात दिन से लापता पुलिस विभाग के कर्मचारी का शव गुरुवार को गहरी खाई में मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस और परिजन बीते कई दिनों से उनकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने शव को खाई से निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, बणसोली गांव निवासी 45 वर्षीय वीरेंद्र सिंह नेगी पुलिस विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे और गोविंदघाट थाने में तैनात थे। उनकी ड्यूटी विधानसभा सत्र के लिए लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि वह 23 अक्टूबर से लापता थे। उनके अचानक गायब होने के बाद पुलिस और परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे।

गुरुवार, 29 अक्टूबर को कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मोटर मार्ग पर आईटीआई के पास गहरी खाई में शव पड़ा होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त बचाव अभियान चलाकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर सीओ कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा भी घटनास्थल पर पहुंचे।

घटनास्थल के आसपास सड़क सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों के अनुसार, सड़क किनारे पुश्ता ढहा हुआ है, लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से वहां चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मोटर मार्ग के अन्य हिस्सों में भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।