हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में कार्यालय का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई लाखों की नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को हिम्मतपुर तल्ला निवासी विक्रम सिंह कनवाल ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बच्ची नगर नंबर-1 स्थित उनके कार्यालय का शटर तोड़कर अज्ञात चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गया। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने 28 मई को मुखानी क्षेत्र के लामाचौड़ खास में चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान बबलू (31) पुत्र डोरी लाल निवासी कालिका कॉलोनी, लोहारियासाल तल्ला, काठघरिया, हल्द्वानी के रूप में हुई। आरोपी मूल रूप से पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई रकम में से ₹3,17,500 नकद और वादी का आधार कार्ड बरामद किया। पुलिस ने मामले में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
इस पूरे अभियान को थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल रोहित और कॉन्स्टेबल पूरन सिंह शामिल रहे।



Subscribe Our Channel










