उत्तराखंड में हिंसा: मामूली विवाद ने लिया उग्र रूप, पुलिसकर्मी समेत 5 घायल

11
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के कोटवाल आलमपुर गांव में ईद-उल-अजहा के मौके पर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब कुर्बानी के अवशेष हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद भड़क गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।

स्थिति बिगड़ने पर सूचना मिलने के बाद लखनौता पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार और होमगार्ड चुन्नीलाल मौके पर पहुंचे और हालात को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी नाक की हड्डी फ्रैक्चर हो गई।

घटना में पुलिसकर्मी समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल रुड़की के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की और अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक दो लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।

वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ लोग अपने घर के अंदर गौकशी कर रहे थे और जब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, तो इसी बात से नाराज होकर उन पर हमला किया गया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन स्थिति को शांत कराने के दौरान पुलिसकर्मी घायल हो गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात है।