3 दिन तक उत्तराखंड अलर्ट पर, कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी

23
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम का रुख इन दिनों मिला-जुला बना हुआ है। पर्वतीय इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम के सक्रिय रहने की संभावना जताई है।

विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल के कुछ हिस्सों में भी वर्षा के आसार बने रहेंगे। अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों की सक्रियता बनी रहने से आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी से तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 18 से 20 जून तक के लिए उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के साथ तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है।