उत्तराखंड के चंपावत जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। लोहाघाट से आगे बापरू के पास एक कार करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद वाहन में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के कनालीछीना जा रही यह कार मरोड़ाखान से लगभग दो किलोमीटर आगे बंतोली गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग से अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गिरते ही कार में धमाके जैसी आवाज के साथ आग भड़क उठी।
इस हादसे में चालक राजेन्द्र कुमार (48), निवासी डीडीहाट, और बलदेव कुमार (36), निवासी कनालीछीना, पिथौरागढ़ की मौत हो गई। इनमें से एक की मौत जलने से हुई, जबकि दूसरे की मौके पर ही जान चली गई।
कार में सवार नीतू देवी (36), उनकी बेटी अक्षिता (8) और बेटा आरव (5) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तीनों को स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है।



Subscribe Our Channel











