मुर्गा गाड़ी के नाम पर चल रहा था नशे का नेटवर्क, अल्टो-बोलेरो से बरामद हुई चरस

10
खबर शेयर करें -

भीमताल। नैनीताल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.683 किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण में कोतवाली भीमताल पुलिस व एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट/एसटीएफ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

दिनांक 18.06.2026 को पुलिस टीम ने भीमताल बाजार क्षेत्र में खुटानी बैंड के पास सोना मटन चिकन शॉप के सामने लाल रंग की अल्टो कार (UK04G-3379) और उसके पीछे चल रही बोलेरो पिकअप (UK04CB-3477) को रोककर चेकिंग की। इस दौरान पिकअप वाहन से एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला।

तलाशी के दौरान बोलेरो पिकअप से 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। मामले में वाहन चालक अख्तर हुसैन पुत्र कुर्बान अली (निवासी ब्लॉक रोड, मल्लीताल, भीमताल, उम्र 43 वर्ष) और विजय सिंह बिष्ट पुत्र गंगा सिंह बिष्ट (निवासी ग्राम सूपी, थाना मुक्तेश्वर, उम्र 34 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।

फरार आरोपी की पहचान बच्चीराम के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है। बरामदगी के आधार पर थाना भीमताल में मु0अ0सं0-24/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दोनों वाहनों (अल्टो कार व बोलेरो पिकअप) को भी सीज कर दिया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव, एएनटीएफ प्रभारी पवन स्वरूप सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।