धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप: हल्द्वानी में सिख समाज का विरोध तेज, जांच की मांग

9
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी में सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर सोशल मीडिया पर सिख समुदाय के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियों की निष्पक्ष जांच तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिनिधियों ने बताया कि शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें अनिल मैखुरी नामक युवक द्वारा सिख समुदाय के प्रति विवादास्पद और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। इस वीडियो के प्रसारित होने के बाद समुदाय में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे।

तहरीर पर गुरप्रीत सिंह प्रिन्स, परमजीत सिंह पम्मा, मनप्रीत सेठी, इंदरपाल सिंह, बनप्रीत नागपाल, बलवीर सिंह, गुरजीत कोहली, इंदरजीत सिंह, अमनपाल पिंडी, जसप्रीत चड्ढा, हरप्रीत नागपाल, पवन नागपाल, गुरविंदर भसीन, तरनप्रीत बिन्द्रा, बलविंदर धवन, जसमीत छाबड़ा सहित कई सिख प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।

सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका समुदाय हमेशा देश की एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का समर्थक रहा है, लेकिन किसी भी धर्म या समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान स्थानीय युवाओं ने भी सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के भड़काऊ सामग्री साझा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी पोस्ट समाज में तनाव पैदा कर सकती हैं, इसलिए जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग किया जाना चाहिए।

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी इस मामले पर चिंता जताते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि शांति और भाईचारे को बनाए रखते हुए कानूनी तरीके से न्याय सुनिश्चित कराना है।