NEET परीक्षा ने बढ़ाई टेंशन! हल्द्वानी में सड़कों पर सख्त डायवर्जन, हर रूट पर पुलिस तैनात

9
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में वीकेंड और NEET परीक्षा के मद्देनज़र 20 और 21 जून 2026 को विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी, जबकि भारी वाहनों पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर आने वाले सभी भारी वाहनों को जनपद सीमा पर रोका जाएगा। वहीं, जो वाहन जिले के अंदर से प्रवेश करेंगे, उन्हें नंबर 1 बैंड के पीछे, एचएमटी क्षेत्र तथा पुलिस चौकी सलड़ी के पास अमृतपुर मोड़ और मैगी प्वाइंट के आसपास निर्धारित स्थानों पर पार्क किया जाएगा।

मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय मार्ग की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार क्षेत्र में पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर, खेड़ा चौकी और अन्य निर्धारित स्थानों पर रोका जाएगा। कालाढूंगी मार्ग से आने वाले वाहनों को लामाचौड़ क्षेत्र में ही रोक दिया जाएगा।

पर्यटक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

रुद्रपुर से आने वाले पर्यटक वाहन पंतनगर तिराहा, दिनेशपुर मोड़, एनएच-109, लालकुआं और तीनपानी फ्लाईओवर के माध्यम से गोलापार रोड व नारीमन तिराहा होकर जाएंगे। इसी तरह रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहन कालाढूंगी-नैनीताल तिराहा से डायवर्ट होकर मंगोली मार्ग से अपने गंतव्य तक भेजे जाएंगे।

20 और 21 जून को आवश्यक सेवाओं जैसे दूध, सब्जी और ईंधन के वाहनों का आवागमन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले पर्यटक वाहन नारीमन तिराहा से गोलापार रोड के माध्यम से डायवर्ट किए जाएंगे।

इसके अलावा शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले सभी पर्यटक वाहनों को नंबर 1 बैंड और रूसी बाईपास-2 से डायवर्ट कर रूसी बाईपास-1, मंगोली होते हुए कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, जिससे परीक्षा अवधि और वीकेंड के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था बनी रहे।