उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नैनीताल जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिली है। भवाली क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता शीलू कुमार, उनकी पत्नी एवं भवाली नगर पालिका की सभासद सपना कुमारी समेत 50 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
स्वराज आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि सामाजिक रूप से सक्रिय लोगों का कांग्रेस से जुड़ना संगठन के लिए उत्साहजनक है। कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रही है। प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़े सवालों के जवाब चाहती है। नए साथियों के जुड़ने से नैनीताल जिले में कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि भवाली क्षेत्र से 50 से अधिक लोगों का पार्टी से जुड़ना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है और नए सदस्यों को संगठन में उचित सम्मान एवं जिम्मेदारी दी जाएगी।
वहीं, सदस्यता ग्रहण करने वाले शीलू कुमार ने कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं। कांग्रेस की लोकतांत्रिक विचारधारा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और भवाली क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत, सतीश नैनवाल, हेमंत बगड़वाल, खष्टी बिष्ट, मधु सांगुड़ी, राधा आर्य, हरेंद्र बोरा, गणेश उपाध्याय, शंकर जोशी, नरेश अग्रवाल, मनोज भट्ट और जमुना कैंतुरा समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Subscribe Our Channel










