उत्तराखंड में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते प्रदेशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं और करोड़ों रुपये के लेन-देन पर असर पड़ा। देहरादून में कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर आयोजित हड़ताल के तहत बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी एश्ले हॉल चौक पर एकत्र हुए। कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के साथ ही लंबे समय से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों के समाधान को लेकर सरकार और संबंधित स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों ने कहा कि सप्ताह में पांच दिन बैंक खोलने की व्यवस्था लागू होने से बैंक कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी और कामकाज को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले देशभर में आयोजित इस हड़ताल का असर उत्तराखंड में भी दिखाई दिया। देहरादून में करीब चार हजार बैंक कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जा सकता है।



Subscribe Our Channel










