चीनी के बढ़ते दामों पर कांग्रेस का अनोखा विरोध, ‘महंगी चीनी-फीकी चाय’

7
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। चीनी और रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने तिकोनिया चौराहे पर ‘महंगी चीनी, फीकी चाय’ कार्यक्रम आयोजित किया। विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमजन और राहगीरों को बिना चीनी की चाय पिलाकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि महंगाई ने अब आम आदमी की चाय की मिठास तक छीन ली है। चीनी, खाद्य तेल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे त्योहारों के समय महंगाई का असर और ज्यादा महसूस होता है। मिठाई और प्रसाद बनाने के लिए जरूरी सामग्री महंगी होने से परिवारों के सामने त्योहार की खुशियां मनाना भी चुनौती बनता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई के आंकड़ों के बजाय उस परिवार की परेशानी समझनी चाहिए, जो बच्चों के लिए मिठाई खरीदने और त्योहार मनाने के लिए बजट बनाता है। कांग्रेस ने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण, जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि चीनी और खाद्य तेल के बढ़ते दाम सीधे आम जनता की जेब पर असर डाल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि पर्याप्त स्टॉक होने के दावे के बावजूद चीनी की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं और यदि जमाखोरी इसका कारण है तो सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही।

कार्यक्रम में हल्द्वानी विधायक श्री सुमित हृदयेश, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, ललित जोशी, मलय बिष्ट, जया कर्नाटक, मधु सांगूड़ी, नीमा भट्ट, राधा आर्य, विमला सांगूड़ी, भागीरथी बिष्ट, कमला सनवाल, दीपा खत्री, हेम पांडे, किरन माहरा, हेमन्त बगड़वाल, गिरीश पांडे, महेश कांडपाल, राजेन्द्र बिष्ट, दीप पाठक, बहादुर बिष्ट, राकेश बृजवासी, विनोद कुमार, हिमांशु जोशी, महेशानंद, जीवन कार्की, अवध बिहारी शर्मा, गोविंद बगड़वाल, जगमोहन चिलवाल, राजू रावत, शंकर कोहली, प्रदीप नेगी, खीमानंद पांडे, संदीप भैसोड़ा, संजू उप्रेती, हेम जोशी, राजू सुयाल, मनोज टम्टा, कैलाश साह, संदीप पांडे, मनोज शर्मा, जीत सिंह, मनोहर सांगुड़ी, बंटू रहमान, प्रदीप बिष्ट, एडवोकेट कोमल जायसवाल, बबलू बिष्ट, उदित करायत, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।