हल्द्वानी। सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में हल्द्वानी के राजस्व विभाग पर कार्रवाई हुई है। पूर्व सैनिक की जमीन से जुड़े विवाद में 9,700 रुपये और बाद में 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत मांगने के मामले में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कानूनगो रमेश चंद्र को निलंबित कर दिया है। एसडीएम की प्रारंभिक जांच में शिकायत के आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कदम उठाया गया।
पूरा मामला हिम्मतपुर तल्ला क्षेत्र का है। यहां पूर्व सैनिक तनोज तिवारी ने अपने प्लॉट की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। उनका आरोप था कि करीब 5.5 फीट चौड़ी और 80 फीट गहरी जमीन पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। इस पर उन्होंने राजस्व विभाग से जमीन की पैमाइश और सीमांकन कराने की मांग की थी।
शिकायत के अनुसार, 14 नवंबर को उन्होंने व्हाट्सएप के माध्यम से राजस्व निरीक्षक को अपनी समस्या बताई थी। इसके बाद 20 नवंबर को उन्हें कार्यालय बुलाया गया और विवादित जमीन का निरीक्षण किया गया। पूर्व सैनिक ने आरोप लगाया कि निरीक्षण के बदले उनसे 9,700 रुपये मांगे गए। इसके बाद दस्तावेज लेने और जल्द कार्रवाई कराने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की गई।
मामले की शिकायत प्रशासन तक पहुंचने के बाद जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पूर्व सैनिक ने तहसीलदार कार्यालय में उपस्थित होकर अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखा। संबंधित कानूनगो रमेश चंद्र से भी स्पष्टीकरण मांगा गया। एसडीएम की प्रारंभिक रिपोर्ट में शिकायत के आरोपों की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने निलंबन की कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि रमेश चंद्र का नाम इससे पहले हरिद्वार नगर निगम की जमीन से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जांच में भी सामने आया था। उस मामले के बाद उनका तबादला हल्द्वानी किया गया था।
जिलाधिकारी ने कर्मचारी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। निलंबन अवधि में रमेश चंद्र को तहसील रामनगर से संबद्ध किया गया है।




Subscribe Our Channel











