उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र में रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अर्जुन बैंड के पास शादी समारोह में शामिल होने जा रहा ईको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार 22 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को अर्जुन बैंड के पास वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। ईको वाहन संख्या UK13TA-4410 कुरछोला से जखोली की ओर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी की।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41) निवासी जखोली, बसंती देवी (52) और सुनीता देवी (35), दोनों निवासी तैला की मौत हो गई।
दुर्घटना में सतपाल सिंह पुत्र सुंदर सिंह निवासी कुनियाली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं शिवानी (15) पुत्री शूरवीर सिंह और दिव्यांशी (13) पुत्री राकेश सिंह रावत, दोनों निवासी कुरछोला, अंजलि (26) निवासी जखोली बड़मा तथा सुमीता पत्नी सतपाल निवासी कुनियाली भी घायल हुई हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली पहुंचाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




Subscribe Our Channel











