हल्द्वानी महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव-2026 एवं मतगणना को लेकर हल्द्वानी पुलिस ने यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। 29 सितंबर 2026 को सुबह 6 बजे से मतगणना समाप्त होने तक शहर में निर्धारित डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इस दौरान नैनीताल रोड के प्रतिबंधित क्षेत्र में मालवाहक वाहनों समेत संबंधित वाहनों का प्रवेश नहीं होगा और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना होगा।
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारिमन तिराहा जाएंगे। रामपुर रोड से आने वाले पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले वाहनों को गन्ना सेंटर तिराहा से बरेली रोड, तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहनों को पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर आने वाले वाहन नारिमन तिराहा से गोलापार रोड होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू बसें नारिमन तिराहा, गोलापार रोड, इंद्रानगर गेट/शनिबाजार रोड, मंडी और सिंधी चौराहा होते हुए रोडवेज-केमू स्टेशन पहुंचेंगी। स्टेशन से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाली बसें रोडवेज पूर्वी गेट से ताज चौराहा, गोलापुल, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए रवाना होंगी।
काठगोदाम क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाले वाहनों को कॉलटैक्स/हाइडिल तिराहा से पनचक्की तिराहा, चंबल पुल, लालढांठ तिराहा और ऊंचापुल चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आवास विकास तिराहा से आने वाले वाहन ठंडी सड़क होते हुए तिकोनिया चौराहा जाएंगे। हल्द्वानी से काठगोदाम जाने वाले वाहनों के लिए तिकोनिया चौराहा, कैनाल रोड, कुल्यालपुरा चौराहा, पानी की टंकी और पनचक्की चौराहा होकर जाने की व्यवस्था रहेगी।
चुनाव और मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पत्रकारों के वाहनों के लिए एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं दुर्गा सिटी सेंटर तिराहा से महारानी होटल तिराहा, कुल्यालपुरा चौराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा और कलावती चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा तक जीरो जोन रहेगा। इन क्षेत्रों में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करने और चुनाव एवं मतगणना के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।



Subscribe Our Channel











