पंचायतों के खाली पदों पर बजेगा चुनावी बिगुलः 3,922 सीटों के लिए तारीखों का ऐलान

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों को भरने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रदेश में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 3,922 पदों पर चुनाव कराया जाएगा। इन पदों के लिए 12 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 14 अक्टूबर को मतगणना के साथ परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, हरिद्वार को छोड़कर प्रदेश के 12 जिलों में वर्ष 2025 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए गए थे। चुनाव के बाद विभिन्न कारणों से कुछ पद रिक्त रह गए थे। इसके अलावा बाद में रिक्त हुए पदों को भी उपचुनाव के जरिए भरा जाना है। इनमें ग्राम पंचायत सदस्य के 3,890, ग्राम प्रधान के 23 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 9 पद शामिल हैं।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के तहत नामांकन प्रक्रिया 26 सितंबर से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 3 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच, जबकि 4 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। 5 अक्टूबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

इसके बाद 12 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा और 14 अक्टूबर को मतगणना एवं परिणामों की घोषणा होगी। आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

उपचुनाव को लेकर अब जिला स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मतदान केंद्रों की व्यवस्था, चुनाव कार्मिकों की तैनाती, मतपत्रों की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।