ब्लैकमेलिंग से जुड़ा विवाहिता आत्महत्या प्रकरण खुला! मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

5
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। लालकुआं क्षेत्र में विवाहिता की आत्महत्या से जुड़े ब्लैकमेलिंग प्रकरण का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने व भेजने में किए जाने का आरोप है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू निवासी एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद, निवासी मुक्तेश्वर, की तहरीर पर लालकुआं थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि मृतका का उसके पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के माध्यम से संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था। आरोप है कि आशिक अली ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के माध्यम से महिला को ब्लैकमेल किया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हुई और उसने आत्महत्या कर ली।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि साहिब अली और देवेश गंगवार द्वारा मृतका के पति विजय पलड़िया को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लालकुआं थाने में मु0अ0सं0 146/2026, धारा 108 और 351(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बेरहम नगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, हाल निवासी गुमटी, हल्दूचौड़ को 26 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार साहिब अली और देवेश गंगवार के खिलाफ तहरीर में धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। दोनों की भूमिका, धमकी से संबंधित तथ्यों और मामले में उनकी संभावित संलिप्तता के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। दोनों फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल कुबेर सिंह शामिल रहे।