उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खराब मौसम और बर्फबारी के बीच चल रहे राहत एवं बचाव अभियान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दिल्ली से आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में ट्रेकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए ट्रेकर्स एवं पोर्टरों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में गए प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने रेस्क्यू किए जा रहे लोगों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। धामी ने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है और उसकी सहायता करना सरकार का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में बारिश से हुए नुकसान की भी जानकारी ली और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने बंद सड़कों को जल्द खोलने तथा बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत युद्ध स्तर पर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के नेतृत्व में उत्तरकाशी के ऑडेन कोल क्षेत्र से सभी 29 ट्रेकर्स का सफलतापूर्वक हेली रेस्क्यू कर लिया गया है। रेस्क्यू के बाद सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलीपैड लाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रशासन के अनुसार सभी ट्रेकर्स की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है और प्राथमिक उपचार के बाद वे अपने-अपने गंतव्य के लिए सुरक्षित रवाना हो चुके हैं।
वहीं कालिंदी पास क्षेत्र में हेली रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। राहत एवं बचाव टीमें विभिन्न ट्रेकिंग रूटों और बेस कैंपों में सक्रिय हैं। अभियान में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) और वन विभाग की टीमें जुटी हुई हैं।
प्रशासन और राहत एजेंसियों की टीमें उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों पर लगातार नजर रखते हुए फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी हैं।



Subscribe Our Channel











