‘शोले’ के वीरू जैसा नजारा! शादी की जिद में हाईटेंशन पोल पर चढ़ी युवती, नीचे जुटी भीड़

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में शादी की जिद को लेकर एक युवती के हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। युवती पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम करती है और उससे शादी करना चाहती है। बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से उसे शादी का भरोसा देता आ रहा था, लेकिन शनिवार रात उसने शादी से इनकार कर दिया। इससे नाराज युवती ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, हल्द्वानी बाईपास के पास रहने वाली युवती का पड़ोस के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी। बताया जा रहा है कि युवक पहले उसे शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन शनिवार रात किसी बात को लेकर उसने शादी करने से इनकार कर दिया।

प्रेमी के इनकार से नाराज युवती रविवार सुबह रेलवे लाइन के पास पहुंच गई। यहां हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल को देखकर वह उस पर चढ़ गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। युवती को पोल पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

स्थानीय लोगों ने युवती को काफी समझाने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद उसे किसी तरह पोल से नीचे उतारा गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की सांसें अटकी रहीं, क्योंकि पोल के ऊपर हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही थी।

गनीमत रही कि युवती हाईटेंशन तारों की चपेट में नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें युवती पोल पर चढ़ी दिखाई दे रही है।