उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले गुजरात के यात्रियों का सफर गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गया। उत्तरकाशी के गंगनानी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई और नदी में समा गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लापता लोगों की तलाश में राहत एवं बचाव अभियान जारी है। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कार में गुजरात के छह यात्री और चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। वाहन सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर जाते समय अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी और नदी में समा गई।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने नदी किनारे तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान चार लोगों के शव बरामद किए गए। बाद में पांचवें शव की भी बरामदगी की सूचना मिली।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी तथा आसपास के क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश कर रही हैं। गंगोत्री दर्शन के लिए निकले यात्रियों के साथ हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।




Subscribe Our Channel











