नौकरी के लिए घर से निकली थी महिला, रास्ते में स्कूल बस ने छीन ली जिंदगी

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के ज्वालापुर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की जान चली गई। ऊंचे पुल पर एक स्कूल बस ने महिला को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान शीबा (निवासी शेरकोट, बिजनौर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शीबा सुबह नौकरी के लिए जा रही थीं। इसी दौरान ऊंचे पुल पर तेज रफ्तार से आ रही स्कूल बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने वाली बस किसी प्रतिष्ठित स्कूल की बताई जा रही है। घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बस और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होने के बाद चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।