सावधान उत्तराखंड! इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, चारधाम यात्रियों को सीएम की बड़ी अपील

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि अन्य कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। संभावित आपदा को देखते हुए राज्य सरकार और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश के साथ तेज से अति तेज वर्षा होने की संभावना है। एहतियात के तौर पर दोनों जिलों के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है।

वहीं टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और जलभराव जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 10 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है। विभाग ने लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह दी है।

इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बारिश की चेतावनी के मद्देनजर सचिव आपदा प्रबंधन को पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं, पर्यटकों और प्रदेशवासियों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि यात्रा करना जरूरी हो तो मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही निकलें तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। साथ ही नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचना देने की भी अपील की गई है।