हल्द्वानी में खेलों को बड़ी सौगातः CM धामी ने ₹43.50 करोड़ के खेल प्रोजेक्ट का किया शिलान्यास

5
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय और मानसखंड खेल परिसर के प्रथम चरण के ₹43.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। साथ ही देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न, द्रोणाचार्य, लाइफ टाइम अचीवमेंट और हिमालय रत्न पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से खेल छात्रवृत्ति भी दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रीड़ा विश्वविद्यालय की शुरुआत से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अब उच्च स्तरीय खेल शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाओं के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह विश्वविद्यालय आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को देश की अग्रणी ‘खेलभूमि’ के रूप में विकसित करने के लिए काम कर रही है। खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति, खेल उपकरण, बीमा, आर्थिक सहायता और सरकारी सेवाओं में नियुक्ति जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 29 खिलाड़ियों को अब तक आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा दी जा चुकी है।

सीएम ने बताया कि प्रदेश में ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के साथ 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है। साथ ही उत्तराखंड खेल नीति-2026 का ड्राफ्ट भी तैयार किया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 के राष्ट्रीय खेलों में बेहतर प्रदर्शन और ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करना है।

वर्ष 2024 के लिए एथलेटिक्स की अंकिता को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न और लोकेश चौधरी को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया। वर्ष 2025 के लिए शूटिंग के अभिनव देशवाल, क्याकिंग एंड कैनोइंग के मुकेश शर्मा और बॉक्सिंग के मुकेश चंद्र बेलवाल को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। दिव्यांग श्रेणी में शूटिंग के शौर्य सैनी को हिमालय रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, हॉकी, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, मॉडर्न पेंटाथलॉन, ब्लाइंड फुटबॉल, पैरा लॉन बॉल और शूटिंग के उत्कृष्ट खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, विधायक मोहन सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।